सीता मिश्रा राष्ट्रीय अध्यक्ष

केंद्र सरकार ग्रामीण रोजगार के लिए नया कानून लाने की तैयारी में है. इसके जरिये मनरेगा को खत्म करके उसकी विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण), 2025 यानी ‘वीबी- जी राम जी’ नाम से नया विधेयक लाने वाली है. इसे लेकर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सवाल उठाय कि वे महात्मा गांधी का नाम क्यों हटा रहे हैं? मुझे समझ नहीं आ रहा इसके पीछे इनकी (सरकार की) मंशा क्या है? संसद में पश्चिम बंगाल की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर तीखी बहस देखने को मिली। बीजेपी सांसदों ने आरोप लगाया कि राज्य की वोटर लिस्ट में बड़ी संख्या में बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम शामिल हैं और एसआईआर के जरिए फर्जी मतदाताओं को हटाना जरूरी है. वहीं तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि चुनाव आयोग की प्रक्रिया के बहाने वैध मतदाताओं को परेशान किया जा रहा है. टीएमसी ने आरोप लगाया कि बीजेपी लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला कर रही है। हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही बाधित भी हुई.
उधर कांग्रेस की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कथित धमकी के मुद्दे पर संसद में सोमवार को भारी हंगामा देखने को मिला. इस मामले पर राज्यसभा में जेपी नड्डा और लोकसभा में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए राहुल और सोनिया गांधी से माफी मांगने को कहा. वहीं कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भाजपा सांसदों के रवैये को लेकर तीखा हमला बोलते हुए इसे ‘पूरी तरह बेबुनियाद ड्रामा’ करार दिया.
उधर सरकार आज लोकसभा में एटॉमिक एनर्जी (संशोधन) विधेयक पेश करने जा रही है. इस बिल के जरिये देश के परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में निजी कंपनियों को काम करने का अवसर मिलेगा. माना जा रहा है कि इससे भारत में परमाणु ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और तकनीकी विकास को नई गति मिलेगी. इसके अलावा कॉर्पोरेट कानूनों और हायर एजुकेशन कमीशन ऑफ इंडिया से जुड़े विधेयकों पर भी चर्चा की संभावना है.
