सीता मिश्रा राष्ट्रीय अध्यक्ष

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में रविवार को बॉन्डी बीच पर हुई फायरिंग के मामले में मौत का आंकड़ा बढ़कर 16 हो गया है. इस घटना के चश्मदीदों ने फायरिंग के दौरान का खौफनाक मंजर बयां किया. इसी बीच खबरें ये भी आईं कि हमलावरों ने ढूंढ-ढूंढकर सिर्फ यहूदियों को निशाना बनाया, बाकी लोगों को वे पीछे जाने के लिए बोल रहे थे. ऐसे में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अब ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज पर निशाना साधा है.
नेतन्याहू ने ऑस्ट्रेलियाई पीएम पर इस फायरिंग को भड़काने का आरोप लगाया. उन्होंने घटना के तुरंत बाद भी ऑस्ट्रेलिया के पीएम से अपील की थी कि हमलावरों पर तुरंत कार्रवाई की जाए. अब नेतन्याहू ने दावा किया है कि ऑस्ट्रेलिया में यहूदियों के खिलाफ हो रही साजिशों को लेकर उन्होंने 4 महीने पहले अल्बनीज को एक चिट्ठी लिखी थी, जिसे नजरअंदाज कर दिया गया. इजरायली पीएम ने अल्बनीज पर यहूदियों के विरोध में चल रही गतिविधियों के खिलाफ किसी तरह की कोई कार्रवाई ना करने का आरोप लगाया.
नेतन्याहू ने ऑस्ट्रेलियाई पीएम को क्या कहा?
पीएम नेतन्याहू ने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री को चेतावनी देते हुए लिखा- ‘करीब 4 महीने पहले 17 अगस्त को मैंने पीएम अल्बनीज को एक चिट्ठी भेजी थी, जिसमें मैंने उन्हें आगाह किया था कि ऑस्ट्रेलियाई सरकार की नीति ऑस्ट्रेलिया में यहूदी-विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है. मैंने लिखा कि फिलिस्तीनी देश के लिए आपकी मांग यहूदी विरोधी आग में घी डालने का काम करती है. यह हमास के आतंक को इनाम देती है. यह उन लोगों को हिम्मत देती है जो ऑस्ट्रेलियाई यहूदियों को धमकाते हैं और यहूदियों से नफरत को बढ़ावा देती है जो अब आपकी सड़कों पर घूम रही है.’
