
मध्य प्रदेश स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स और वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराष्ट्रीय वाइल्डलाइफ तस्कर यंगचेन लाचुंगपा को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है. यह गिरफ्तारी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यंगचेन लंबे समय से इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस के तहत वॉन्टेड थी और 2019 से फरार चल रही थी. उसे पकड़ना एजेंसियों के लिए चुनौती बना हुआ था क्योंकि वह बार-बार लोकेशन बदलती थी और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की आड़ में खुद को छिपाये रखती थी. भारत-चीन बॉर्डर के पास उत्तरी सिक्किम के दुर्गम लाचुंग क्षेत्र से उसकी गिरफ्तारी इस बात का संकेत है कि एमपी एसटीएसएफ ने वर्षों पुराने केस को बंद करने के लिए लगातार इंटेलिजेंस और ग्राउंड ऑपरेशन को बिना ब्रेक चलाया. यह ऑपरेशन भारतीय वाइल्डलाइफ कानून के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है.
