
अगले साल पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव है. टीएमसी यानी तृणमूल कांग्रेस की राह मुश्किल होने वाली है. खुद टीएमसी से सस्पेंड विधायक हुमायूं कबीर ने इसका ऐलान किया है. मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद बनाने का ऐलान करने वाले हुमायूं कबीर को निलंबित कर दिया है. इस पर हुमायूं कबीर ने अलग से पार्टी बनाकर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया और सीएम ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है. सस्पेंड होने के बाद वह अब सीधे ममता बनर्जी को चुनौती दे रहे हैं. उनका कहना है कि 2026 में ममता बनर्जी 2026 में मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगी.
दरअसल, हुमायूं कबीर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मैंने मस्जिद वाली जगह दिखा दी है. अब जमीन कितनी है, यह बताने की कोई जरूरत नहीं है. हमने नींव रखने की बात कही है, वह करेंगे. हम इस्लामिक हॉस्पिटल बनाएंगे, मुसाफिरखाना होगा, होटल, हेलिपैड, पार्क, मेडिकल कॉलेज भी बनाएंगे. थोड़ा समय दीजिए, हम यह सब काम करके दिखाएंगे. मैं चैलेंज दे रहा हूं कि मुझे कौन रोकेगा.
