
संसद के शीतकालीन सत्र से पहले रविवार को सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न दलों के नेता शामिल हुए. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक में जाने से पहले मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार आज ज़्यादा कुछ नहीं बोलेगी, बल्कि विपक्ष और अन्य दलों की बातें सुनेगी. संसद का शीतकालीन सत्र 1 दिसंबर से शुरू होकर 19 दिसंबर तक चलेगा. सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जाने की संभावना है, जिसके मद्देनज़र सरकार ने सभी दलों से सहयोग की अपील की है.
उधर चुनाव आयोग ने विपक्ष की मांग को स्वीकार करते हुए 12 राज्यों में SIR की अवधि 7 दिन बढ़ाने का बड़ा फैसला लिया है. इसके साथ ही गणना फॉर्म की अंतिम तारीख भी 7 दिनों के विस्तार के साथ अब 11 दिसंबर कर दी गई है.
वहीं नॉर्थ दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में पुलिस ने नकली सिगरेट के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है. नामी अंतरराष्ट्रीय और भारतीय ब्रांडों की आड़ में बेची जा रही इन खतरनाक नकली सिगरेटों को बाजार में उतारने की तैयारी चल रही थी. छापेमारी में पुलिस ने 35,000 से ज्यादा ज़हरीले पैकेट, यानी लाखों सिगरेट स्टिक्स जब्त कीं, जिनकी मार्केट कीमत 50 लाख रुपये से भी अधिक बताई जा रही है. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों रामजीत उर्फ़ विजय और अंकित को गिरफ्तार किया है.
