
Kaimagnj Breaking News:
नगर के रेलवे रोड पर दोपहर बारह बजे अचानक विशाल पेड़ के गिरने से बड़ा हादसा टला। लगभग दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। दिल्ली जाने वाले मार्ग पर पेड़ गिरने के बाद जहां दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित थाने से पुलिस आधे घंटे में पहुंच पाई वहीं कुछ दूरी पर स्थित वन विभाग कार्यालय से किसी अधिकारी ने सुध नहीं ली। आस पास के दुकानदारों ने नाला निर्माण कराने वाले को दोषी ठहराया।
कायमगंज के रेलवे स्टेशन रोड पर बुधवार दोपहर 12.10 बजे ब्लॉक कार्यालय के सामने सड़क किनारे खड़ा विशाल पकड़िया का पेड़ धराशाही हो गया। पेड़ इतना बड़ा था कि उसके गिरने से 35 फुट चौड़ा रोड़ बंद हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। गनीमत यह रही कि दिल्ली रोड पर उस समय भीड़ नहीं थी। नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
दिल्ली रोड होने के कारण दानों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना पर मात्र दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित कोतवाली से पुलिस आधे घंटे में पहुंच पाई तो वहीं पांच सौ मीटर की दूरी पर स्थित वन विभाग के कार्यालय से किसी अधिकारी या कर्मचारी ने आकर देखना भी मुनासिब नहीं समझा। कोतवाली के सिपाही रोही ने पेड़ काटने वालों को बुलाया। उन्होंने आकर पेड़ काट कर दो घंटे बाद आवाजाही सुचारू की।
आस पास के दुकानदारों ने बताया कि हाल ही में नगर पालिका द्वारा नाले का निर्माण कराया जा रहा है। जिसके लिए ठेकेदार द्वारा जेसीबी से खुदाई कराई गई थी। जिससे कई पेड़ों की जड़ें कट गई हैं। उनका कहना है कि अभी सड़क किनारे खड़े और भी पेड़ गिरने की संभावना है।
