आक़िल गौर

गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में रहने वाले लोगों के लिए पानी अब सबसे महंगी जरूरत बन चुका है. हालात ऐसे हैं कि हर महीने दूध और राशन से ज्यादा खर्च सिर्फ पानी पर हो रहा है. पीने से लेकर नहाने, कपड़े धोने और रोजमर्रा के जरूरी कामों तक के लिए लोगों को पानी खरीदना पड़ रहा है. गंगाजल की आपूर्ति न होने का फायदा उठाकर इलाके में पानी माफिया खुलेआम अवैध कारोबार चला रहे हैं, जबकि जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठे हैं.
हर महीने 4 से 7 हजार रुपए सिर्फ पानी पर खर्च
खोड़ा के स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें पीने और घरेलू उपयोग के लिए बाजार से पानी खरीदना पड़ता है. इससे हर परिवार को हर महीने कम से कम चार से पांच हजार रुपए खर्च करने पड़ते हैं. कई बार बोतलबंद पानी ज्यादा खरीदने की मजबूरी में यह खर्च सात हजार रुपए तक पहुंच जाता है.
